Saturday 14 December 2019

नागरिकता संशोधन कानून अखण्ड भारत को खण्ड-खण्ड कर देगा - अखिल भारतीय पंचायत परिषद


अखिल भारतीय पंचायत परिषद ने नागरिकता संशोधन कानून -2019 को बताया असंवैधानिक

महात्मा गांधी ने कहा था कि धर्माश्रित राष्ट्र भावना मुझे मंजूर नहीं है। दो अलग-अलग धर्मों के लोग एक साथ नहीं रह सकते यह सिद्धांत मुझे मंजूर नहीं है। यह अमानवीय है। 


यह केवल महात्मा गांधी का कथन नहीं है बल्कि यह मानव मूल्य है। गांधी से नफरत करने वाले व उन्हें सम्मान देने वाले दोनों को मुसीबत में इसकी आवश्कता पड़ती है। यह एक ऐसा सत्य है जिसे दुनिया स्वीकार करती है। इसी मानव मूल्यों पर घण्टों भाषण दे कर प्रधान मंत्री मोदी दुनिया में शोहरत पा रहे थे। आज इसी मानव मूल्यों को कुचलने पर संयुक्त राष्ट्र संघ उन्हें और उनकी सरकार को भारतीय संस्कृति से खिलवाड़ करने वाला अमानवीय बता रहा है। पूर्वोत्तर में मशाल जुलूस निकल रहे हैं। आर्थिक मंदी से जुझ रहे देश में धार्मिक उन्माद और असहनशीलता चरम पर है। राजनेताओं द्वारा बेटियों पर हमले हो रहे हैं। देश में हैवानियत ताण्डव मचा रहा है। एक दूसरे को सम्मानपूर्वक लोग सूनने को तैयार नही हैं। 

देश में अराजकता के माहौल पर अखिल भारतीय पंचायत परिषद ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।  केन्द्र सरकार पर सख्त टिप्पणी करते हुए पंचायत परिषद के अध्यक्ष बाल्मीकी प्रसाद सिंह ने विज्ञप्ति में कहा है कि वर्तमान सरकार ने भारत के स्वाभिमान और गौरव को खत्म करने का काम किया है। हम आस्तिक हैं सभी धर्म के लोगों का सम्मान करते है उनके साथ रहते है। हम ‘सर्वधर्म समभाव’ की बात करने वाले लोग हैं। केन्द्र सरकार ने इस बात को पूरी तरह से नकारते हुए धार्मिक भेदभाव पर आधारित नागरिकता संशोधन कानून पारित किया है। यह विधेयक असंवैधानिक इसलिए है कि इसे पारित करने की प्रक्रिया ही असंवैधानिक है। यदि देश के सांसदो को लगता है कि लोग धार्मिक आधार पर भेदभाव रखते हैं तो संसद एक मसौदा तैयार कर 2,40]000 ग्राम सभाओं, नगर पंचायतों  व मोहल्ला सभाओं से सहमति लें । इसमें समस्त भारतवासियों की भागीदारी होगी। सांसद औसतन 30 प्रतिशत वोट पाकर यह अराजनीतिक फैसला नहीं कर सकते है।

President AIPP-Balmiki Prasad Singh
पंचायत परिषद के अध्यक्ष बाल्मीकी प्रसाद सिंह ने कहा कि इस देश में संविधान सम्मत पंचायती राज व्यवस्था भी है। जिसे पूरी तरह से केन्द्र ने नजरअंदाज किया है। सांसदों ने नागरिकों की भावनाओं, अकांक्षाओं और उनके मौलिक अधिकारों का हनन किया है। लोगों को एकजूट रखने उनके मौलिक अधिकारों का रक्षण करने के लिए जय प्रकाश नारायण, बलवंत राय मेहता, लाल बहादुर शास्त्री जैसे अखिल भारतीय नेताओं ने पंचायती राज की व्यवस्था दी। इन्हीं नेताओं ने पंचायती राज को मजबूत बना कर भारत में गॉंधी के स्वराज को स्थापित करने के लिए अखिल भारतीय पंचायत परिषद स्थापना की है। यही नेता जो पूर्व में पंचायत परिषद के पदाधिकारी रहे इनका अनुसरण करते हुए सरकार से पूछ रहा हॅूं कि इस विधेयक में हमारा मौलिक अधिकार कहा हैं? हमारी भागीदारी इस कानून में कैसे है? यह कौन बतायेगा हमें? इन्हीं प्रश्नों का उत्तर हम केन्द्र सरकार से सुप्रीम कोर्ट में लेंगे। 

राष्ट्रीय सलाहकार रविकांत सिंह ने कहा कि केन्द्र सरकार का नागरिकता संशोधन कानून -2019 अखण्ड भारत को खण्ड-खण्ड कर देगा। कानून की अपनी कुछ मर्यादा है। लोकसम्मति के बिना कानून कामयाब नहीं हो सकता। कानून अधिकार व अवसर देता है। लेकिन वह सामान्यजनों तक नहीं पहुंच सकता है। कोई व्यक्ति यह कहकर भी कानून के चंगुल से नहीं बच सकता कि उसे कानून नहीं मालूम था। सत्य यह भी है कि हर कोई कानून नहीं जानता है। यही अज्ञानता सामान्य नागरिकों की मुसीबत है। इसी अज्ञानता के चलते अपराध बढ़ रहा है। कानून व संविधान के प्रति सामान्य नागरिकों की अज्ञानता ही अपराधी प्रवृत्ति के अफसर और राजनेताओं को पाल-पोष रही है। संविधान के अनुच्छेद 14 के अनुसार कानून के क्षेत्र में हर व्यक्ति के लिए समानता होगी। जिससे नागरिकों को समान सुअवसर मिल सके इसके बगैर समानता की बात करना बेमानी है। 

रविकांत सिंह ने कहा कि व्यक्ति किसी भी धर्म में विश्वास करने वाला हो सकता है, उसकी कोई भी जाती हो सकती है। वह किसी भी प्रदेश या शहर का हो सकता है। लेकिन वह केवल भारतीय नागरिक है। और हम सभी धर्म, वर्ग, जाति, लिंग का भेदभाव किये बिना निरपेक्ष मतदान में भाग लेते हैं। और हम सभी भारतीय नागरिकों के मत का मूल्य भी एक ही होता है। इसलिए हमारे द्वारा चुने हुए जनप्रतिनिधि इस संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ नहीं जा सकते ऐसी संवैधानिक बाध्यता है। और न ही वह सरकार खिलाफ जा सकती है जो ऐसे जन प्रतिनिधियों के समर्थन से नागरिक संशोधन विधेयक पास की है। संवैधानिक पद पर बैठा वह राष्ट्रपति भी अयोग्य है जिसने इस विधेयक पर बिना विचारे अन्तिम मुहर लगाई। ये सभी हमारे जनप्रतिनिधि हैं कोई विधाता नहीं है। इनके अविवेकपूर्ण, द्वेष और घृणा से युक्त फैसले को हम स्वीकार नहीं करेंगे।

रविकांत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की इस व्यवस्था में लोक नहीं है केवल तंत्र है। अल्पमत का आदर और उनकी अस्मिता का संरक्षण ही लोकतंत्र है। सांसद या विधायक भारतीय नागरिक के रुप में हमारा वोट पाकर हमसे ही धार्मिक आधार पर भेदभाव नहीं कर सकते हैं। इसलिए धार्मिक भेदभाव पर आधारित यह नागरिकता संशोधन कानून  ही असंवैधानिक है। ‘अखिल भारतीय पंचायत परिषद’ न केवल सरकार के नागरिकता संशोधन कानून -2019 को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी बल्कि इसे समर्थन देने वाले सांसदो के खिलाफ परिषद आन्दोलन भी खड़ा करेगी। । 



Tuesday 10 December 2019

सरकार की उदासीनता, स्थानीय प्रशासन और भू-माफिया का गठजोड़ बन रही पंचायती राज की बाधा


कोर्ट की फटकार के बावजूद पूर्व मंत्री सुबोध कांत पर ट्रस्ट की जमीन हड़पने का आरोप

दिवंगत जय प्रकाश नारायण, बलवंत राय मेहता,  गुलजारी लाल नंदा, लालबहादुर शास्त्री , अटल बिहारी बाजपेई, सुचिता कृपलानी जैसे दिग्गज नेता अखिल भारतीय पंचायत परिषद् के संस्थापक व व्यवस्थापक रहे हैं 




नयी दिल्ली। सोनिया गॉंधी और मनमोहन सिंह के करीबी पूर्व मंत्री भारत सरकार सुबोधकांत सहाय पर ट्रस्ट की जमीन कब्जा करने का आरोप लग रहा है। स्थानीय प्रशासन भी इस मामले में संलिप्त है। अखिल भारतीय पंचायत परिषद के अध्यक्ष बाल्मीकी प्रसाद सिंह ने इस मामले से जुड़े तमाम दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि सुबोधकांत सहाय व उनके साथियों को कोर्ट ने पंचायत परिषद के अध्यक्ष न मानते हुए तमाम अधिकारों से बेदखल कर दिया है। अब उनका अखिल भारतीय पंचायत परिषद से कोई सरोकार नहीं है। इसके बावजूद पंचायत की जमीन पर अपने गुर्गों से अवैध गतिविधियां चला रहे हैं।  

Ex Minister-Subodhkant Sahay 


मयूर विहार फेस -1 में अखिल भारतीय पंचायत परिषद का कार्यालय है। मेट्रो स्टेशन के पास स्थित इस कार्यालय की शुरुआत सन् 1958 में हुई। पंचायती राज की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले बलवंत राय मेहता व जय प्रकाश नारायण ने परिषद का गठन किया है। बलवंत राय मेहता पंचायती ट्रस्ट ने पंचायत परिषद को साढ़े सात एकड़ जमीन लीज पर दे रखा है। इसी जमीन पर पंचायत परिषद का कार्यालय संचालित होता है। जमीन पर ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट बनेगा या कुछ और इसका निर्णय केवल अखिल भारतीय पंचायत परिषद ही कर सकता है। देश के सर्वांगिण विकास के कार्यों में नौकरशाहों के मनमाने हस्तक्षेप को रोकने व ग्राम स्वराज्य की स्थापना के लिए बनी इस संस्था के काम काज में प्रशासन अड़ंगा लगा रहा है।


बाल्मीकी प्रसाद सिंह ने बताया कि परिषद में गत 19 दिसंबर 2013 को मैं अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुआ था। पॉंच साल का कार्यकाल बीत चुका है। इस बीच सुबोधकांत सहाय व उनके साथी अपने स्वार्थ के लिए इस संगठन को विवादास्पद कर पंचायत परिषद का महत्व खत्म करना चाहते थे। और उनका साथ देते हुए तत्कालीन एसडीएम मयूर विहार और एसएचओ पाण्डव नगर ने पंचायत परिसर व कार्यालय का अंतरिम कब्जा विपक्षीगणों को दे दिया था। यह मामला कड़कड़डूमा व तीसहजारी कोर्ट पहुंचा। इसी साल सिंतम्बर 2019 मेंं सीविल जज तीस हजारी व कड़कड़डूमा कोर्ट का निर्णय मेरे पक्ष में आ चुका है। अब कोर्ट के आदेशानुसार प्रबंधनतंत्र की सूचि मुझे सौंपी जानी है। लेकिन एसडीएम मयूर विहार कोर्ट की अवमानना कर रहे है।



 कार्यकारी सचिव डॉ के के रॉय ने कहा कि दिवंगत जय प्रकाश नारायण, बलवंत राय मेहता,  गुलजारी लाल नंदा, लालबहादुर शास्त्री , अटल बिहारी बाजपेई, सुचिता कृपलानी जैसे महान नेताओं ने जिस अखिल भारतीय पंचायत परिषद् की प्रशासनिक व्यवस्था में रहे हों ऐसी संस्था में काम करने पर हमें गर्व है। आज भी वर्तमान गृहमंत्री (राज्य) भारत सरकार जी किशन रेड्डी इसके सदस्य हैं। लेकिन दुःख इस बात का भी है कि आज इन्हीं महान नेताओं को अपना आदर्श बताने वाले सुबोध कान्त सहाय जैसे लोग इसे ख़त्म करने में लगें हैं।
कोल घोटाले में आरोपी व पीएनबी घोटाले के आरोपियों से सम्बन्ध रखने वाले पूर्व मंत्री सुबोधकांत सहाय अपने रसूख का गलत इस्तेमाल कर पंचायत परिषद का वजूद मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। उनके वरिष्ठ नेता दिंवंगत राजीव गॉंधी ने जिस पंचायती राज को संवैधानिक दर्जा देते हुए तमाम शक्तियां दी आज उसी को खत्म करने में जुटे हैं। अखिल भारतीय पंचायत परिषद के राष्ट्रीय सलाहकार रविकांत सिंह ने बताया कि इस मामले में गृह मंत्री भारत सरकार, मुख्य सचिव दिल्ली सरकार को शिकायती पत्र दिया गया। और इन पत्रों की जानकारी के साथ उपजिलाधिकारी मयूर विहार को भी पत्र लिखकर कर्तव्य पालन करने की हिदायत दी गयी। इसके बाद उनसे मुलाकात हुयी उन्होंने अपनी विनम्रता और ईमानदारी का वास्ता देते हुए फिर वही पुराना राग अलापा और कहा कि कानून के दायरे में जो होगा वह करेंगे।
रविकांत सिंह ने प्रश्न किया कि क्या एसडीएम मयूर विहार कड़कड़डूमा व तीसहजारी कोर्ट से खुद को ऊपर समझते हैं? क्या वे बतायेंगे कि बलवंत राय मेहता पंचायती ट्रस्ट की जमीन पर अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों का पंचायत परिषद से क्या सरोकार है? वे इन्हें इतने दिनों से क्यों संरक्षण दे रहे हैं? वे कानून के दायरे में कानून का दुरुपयोग कर रहे हैं। पंचायत परिषद पूरे देश के नागरिक हितों के लिए लड़ती है। रविकांत सिंह ने कहा कि जल्द ही ऐसे तमाम अधिकारियों को सबक सिखाने के लिए पंचायत परिषद शिकायती शिविर का आयोजन करेगी। देशभर से आये शिकायतों को सीवीसी और सुप्रीम कोर्ट को भेज दी जायेंगी। तब उन्हें वही नेता और मंत्री जबरन रिटायर करेंगे जो उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। और पूर्व मंत्री सुबोधकान्त व एसडीएम मयूर विहार ऐसी लड़ाईयों का उदाहरण बनेंगे। 

Monday 29 April 2019

कन्हैया क्यों जरुरी हैं ?







1-देश की राजनीति में अखिल भारतीय नेता का स्थान जो लम्बे समय से रिक्त है उस स्थान की भरपाई कन्हैया कुमार कर रहे हैं।

2-कन्हैया देश की बहुतायत आबादी के अधिकारों के लिए लड़ते हैं और समानता की बात मजबूती से निर्भय होकर करते हैं।

3-कन्हैया की भाषा अहंकार रहित और तार्किक है।

4-कन्हैया की राजनीति का आधार सत्य, अहिंसा, प्रेम, त्याग, धैर्य व देश के प्रति समर्पण है। यही राजधर्म है। 

5-कन्हैया ऐसा युुवा है जिसका परिवार अभावों में जीता है इसके बावजूद अन्याय के खिलाफ सत्ता के ताकतवर पूंजीपतियों और नेताओं को सीधी चुनौती देता है ।

6-लाभ-हानि का विचार किये बिना दूषित राजनीति के खिलाफ सांप्रदायिक कट्टर ताकतों से लोहा लिया। ऐसी हिम्मत अरविन्द केजरीवाल और ममता बनर्जी के अतिरिक्त किसी और राजनेता ने नहीं दिखाई।

7- कन्हैया संविधान सम्मत लोकतंत्र की बात करता है जिसमें क्षेत्रवाद-भाषावाद, जातिवाद व पूँजीवाद की कोई जगह नहीं है।

 8- कन्हैया निष्पक्ष है पर उसकी बात सत्य का पक्ष लेती है। ऐसा गुण राजधर्म पालक की मर्यादा है।

9-एक आर्थिक अभावग्रस्त, राजधर्म का पालन करने वाला युवा पूॅजीपति नेताओं को चुनाव में पछाड़ सकता है। ऐसी घटना वर्तमान समय में गरीबों के लिए किसी संजीवनी से कम न होगा। 

10- कन्हैया उन तमाम नौजवानों के लिए उदाहरण बनेगा जो गरीबी और शोषण से तंग आकर मुसीबत में धैर्य खो देते हैं और गुमराह हो जाते हैं। 

11-  कन्हैया की जीत नई पीढ़ी के युवाओं में राजनीतिक जोश भर देगा। जो भारत को मजबूत करेगा। 

12- युवाओं को राजनीतिक भटकाव से बचाने के लिए कन्हैया देश-दुनिया में घूम-घूम कर प्रेम और सौहार्द के साथ रोजी - रोजगार की बात कर रहे हैं।

13-कन्हैया की जीत से तजुर्बेकार बुजुर्ग व्यक्तियों और राजनेताओं ने युवाओं के लिए जो दरवाजे बंद कर रखे है वह टुट जायेंगे।

14- कन्हैया के चुनाव जीतते ही ये मिथक भी टूट जायेगा कि पूंजीपति नेता ही चुनाव लड़ सकते हैं और जीत सकते हैं। 

15- गिरीराज सिंह या तनवीर हसन द्वारा चुनाव जीत जाना एक सामान्य घटना होगी जबकि कन्हैया की हार और जीत असामान्य घटना साबित होगी।

Featured post

द्रष्टा देगा मुक्ति

संपादकीय देश एक भ्रामक दौर से गुजर रहा है। सत्ता पर काबिज रहने के लिए नेता राजनीति से अधिक आत्मबल और मनोबल को तोड़ने वाले घृणित कार्यों...